हिंदी फिल्मी दुनिया में इन दिनों दोस्ती की बयार चली हुई है। इस बयार से दीपिका पादुकोण भी अछूती नहीं हैं। उन्होंने भी अपनी दोस्ती का दायरा बढ़ाना शुरू कर दिया है। दीपिका ने सबसे पहले जिस हीरोइन की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाया है, वे हैं प्रियंका चोपड़ा। दोस्ती की शुरुआत दीपिका ने प्रियंका के नाम बधाई संदेश भेज कर किया। उन्होंने प्रियंका को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने की बधाई दी। आपसी होड़ भुलाकर प्रियंका को भेजे गए अपने बधाई संदेश में दीपिका ने कहा, बधाई हो प्रियंका। तुम इस अवार्ड के लिए डिजर्व करती हो। ढेर सारा प्यार। न्यूयार्क में अनजाना-अनजानी की शूटिंग में व्यस्त प्रियंका ने भी समय निकालकर दीपिका को जवाब भेजा। प्रियंका ने कहा, थैंक्स दीपिका। उम्मीद करती हूं, तुम्हें आशुतोष गोवारीकर की फिल्म में काम करने में मजा आ रहा होगा? आशुतोष सर के साथ काम करने का एक्सपीरिएंस बड़ा मजेदार होता है। प्रियंका ने दीपिका को ह्वाट्स योर राशि की मेकिंग के दौरान के मिले अनुभव के आधार पर ऐसा कहा था। इस संदेश के जवाब में दीपिका ने कहा, सच कह रही हो तुम। आशुतोष सर के साथ काम करने में बहुत मजा आया।
उल्लेखनीय है कि दीपिका आशुतोष गोवारीकर की फिल्म खेलें हम जी जान से की शूटिंग का अनुभव प्रियंका से बांट रही थीं। प्रियंका के साथ संदेश के आदान-प्रदान के इस सिलसिले से ऐसा लग रहा है कि दीपिका अपने मकसद में कामयाब हो गई हैं। दरअसल, अभी तक उन पर आरोप लगाए जाते रहे हैं कि हीरोइनों से उनकी नहीं बनती। कट्रीना कैफ और करीना कपूर के साथ उनका छत्तीस का आंकड़ा जो है। ऐसे आरोपों से ही परेशान होकर दीपिका ने प्रियंका की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाया है। दीपिका निश्चिंत हैं कि अब वे बिना किसी लाग-लपेट के इस तरह के आरोपों का जवाब दे सकती हैं। आखिर प्रियंका के रूप में उन्हें नई सहेली जो मिल गई है!